अंक ज्योतिषी, अंग ज्योतिषी, राजनीतिक विश्लेषक-सलाहकार, नाटककार, शायर, अकादमिक, सम्प्रेरक वक्ता

गुरुवार, 25 नवंबर 2010

आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के.रोसैया का इस्तीफ़ा:::हमारी भविष्यवाणी सही साबित


              जय श्री राम ...........| आदरणीय मित्रो,कल का दिन हमारे लिए बहुत अहम था| जहाँ एक ओर बिहार विधानसभा चुनावों से सम्बन्धित हमारी भविष्यवाणी अपूर्व रूप से सत्य सिद्ध हुई (जिस का जिक्र हम अपनी सुबह कि पोस्ट में कर चुके हैं),वहीं दूसरी ओर एक और भविष्यवाणी भी सत्य सिद्ध हुई| कल आन्ध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री के.रोसैया ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया| उन की तरफ़ से कारण चाहे कुछ भी बताया जाए,किन्तु यह बात तो जगत विदित है कि उन्हें सोनिया गांधी ने हटाया है| हम ने इस की भविष्यवाणी बहुत पहले ही कर दी थी| यह भविष्यवाणी एक नहीं,बल्कि कई जगहों पर की गयी थी| आइए,ज़रा एक नज़र डालें इन पर| 01 जनवरी,2010 की पोस्ट ‘वर्ष 2010 में भारतीय राजनीति:भाग-1′ में ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ शीर्षक के अंतर्गत हम ने लिखा था— “—चूँकि देश की कमान इस पार्टी के अंक 8 वाले व्यक्ति के हाथों में है,इसलिए इस पार्टी और इस की केंद्र सरकार को अंक 8 के प्रभाव से बहुत परेशानी का सामना करना पड़ेगा| अंक 8 की दिशा दक्षिण है| इस कारण कांग्रेस और इस की केंद्र सरकार को दक्षिण भारत से सम्बन्धित मसलों को ले कर ख़ासा परेशान होना पड़ सकता है| ये मसले क्षेत्रों या व्यक्तियों से सम्बन्धित हो सकते हैं| …” अपनी एक दूसरी पोस्ट में तो हम ने इस बारे में और भी अधिक स्पष्ट रूप से संकेत किया था|  के.रोसैया के मुख्यमंत्री पद से विदा होने के बारे में साफ़-साफ़ यह संकेत भी देखिए| 30 दिसंबर,2009 को अपनी पोस्ट ‘वर्ष 2010:कैसा रहेगा भारत का भविष्य’ में हम ने लिखा है—“…वर्ष 2010 में 1 से 4 वरिष्ठ राजनेताओं की जान/स्वास्थ्य को ख़ासा ख़तरा है| यह वरिष्ठता पद या उम्र के सन्दर्भ में हो सकती है| इस के साथ ही इस वर्ष 1 से 4 राज्यों में मुख्यमंत्री बदल सकता है या बदलने के तगड़े हालात बन सकते हैं| चूँकि अंक 8 दक्षिण दिशा का है,इसलिए जब इस की भारत के मूलांक,भाग्यांक,चलित वर्षांक और आयु अंकों के साथ युति का विश्लेषण बताता है कि दक्षिण के राज्यों में सत्ता-परिवर्तन संभव है| यह परिवर्तन मुख्यमंत्री के रूप में 1 से 2 राज्यों में तथा पार्टी के रूप में 1 राज्य में संभव है| अंक 9 भूमि,राजनीति तथा वर्चस्व का भी है| इसलिए दक्षिण के राज्यों में इन से सम्बन्धित घटनाओं में ख़ासा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है|…” इस बात का नामसमेत साफ़-साफ़ उल्लेख भी हम कर चुके हैं| 01 जनवरी,2010 की पोस्ट ‘वर्ष 2010 में भारतीय राजनीति:भाग-1 में ‘सोनिया गांधी’शीर्षक के अंतर्गत हम ने लिखा था—“सोनिया जी को कांग्रेस की ही भाँति अंक 8 से बचना चाहिए,साथ ही अंक 4 से भी| अंक 8 दक्षिण दिशा का है और अंक 4 वरिष्ठता का| अतः सोनिया को वे ही परेशानियाँ दरपेश आ सकती हैं,जिन का हम ने कांग्रेस के लिए जिक्र किया है| अंक 4 के कारण इन्हें ज़्यादा दिक्क़त वरिष्ठ लोगों से आ सकती हैं| संभवतः वरिष्ठ लोगों को पार्टी या सरकार से हटाना भी पड़ जाए| इस फेर में दक्षिण भारत (आन्ध्र) के मुख्यमंत्री को भी बदल सकती हैं|”
          मित्रो,आप ख़ुद ही देख लीजिए कि हम ने कितनी सटीक भविष्यवाणी की थी| अभी एक बात आप से और कह देते हैं| आन्ध्र प्रदेश के नए मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने आज शपथ ली है| वैसे भी आन्ध्र प्रदेश की इस विधानसभा के भाग्य में 4 मुख्यमंत्री लिखे हैं,मगर किरण कुमार रेड्डी के आज शपथ-ग्रहण ने इस बात पर जोरदार ठप्पा लगा दिया है| रेड्डी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएँगे| इन्हें भी इस विधानसभा के बीच कार्यकाल में ही इस्तीफ़ा देना पड़ेगा| आंध्र प्रदेश इसी विधानसभा में रेड्डी के बाद अभी एक और मुख्यमंत्री देखेगा| 
          मित्रो,आज बस इतना ही| कल फिर हाजिर होंगे आप की सेवा में ताज़ा हिंदी फ़िल्म की रिलीज की बात ले कर| तब तक के लिए आज्ञा दीजिए| ......... आज के आनंद की जय| ........... जय श्री राम|

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें